मुरैना में 110 स्काउट-गाइड ने दिखाई नेतृत्व, अनुशासन और सेवा की मिसाल
पांच दिवसीय शिविर में प्रतिभागियों की दक्षताओं का हुआ समग्र मूल्यांकन, ग्रैंड कैंप फायर और वृक्षारोपण के साथ हुआ गरिमामय समापन

भारत स्काउट एवं गाइड, मध्य प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय राज पुरस्कार स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर जांच शिविर का पांच दिवसीय आयोजन शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। संभागीय शासकीय ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महाराजपुर में आयोजित इस राज्य स्तरीय शिविर में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 110 स्काउट, गाइड, रोवर, रेंजर एवं यूनिट लीडरों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, अनुशासन और स्काउटिंग-गाइडिंग कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। समापन अवसर पर आयोजित भव्य ग्राउंड कैंप फायर कार्यक्रम ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
युवाओं में नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना को मिला नया आयाम
6 से 10 जुलाई तक आयोजित इस शिविर का उद्देश्य प्रतिभागियों की स्काउटिंग एवं गाइडिंग संबंधी दक्षताओं का मूल्यांकन करने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व, अनुशासन, आत्मनिर्भरता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त बनाना था। शिविर के दौरान प्रतिभागियों की प्राथमिक उपचार, गांठ एवं बंधन, मानचित्र अध्ययन, शिविर कौशल, ध्वज शिष्टाचार, सामूहिक जीवन, सेवा कार्य तथा नेतृत्व क्षमता सहित विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक, लिखित एवं मौखिक परीक्षाएं आयोजित की गईं। इन परीक्षाओं के माध्यम से उनके ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व का समग्र आकलन किया गया।
समापन समारोह में जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया उत्साह
समापन समारोह की मुख्य अतिथि नगर निगम मुरैना की महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत मुरैना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कमलेश कुमार भार्गव ने की। प्रदेश उपाध्यक्ष, भारत स्काउट एवं गाइड मध्य प्रदेश श्री ओ.पी. गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्रीमती शारदा सोलंकी ने कहा कि स्काउट-गाइड आंदोलन युवाओं में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों से समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्री कमलेश कुमार भार्गव ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर युवाओं के व्यक्तित्व विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व क्षमता को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा समाज को समर्पित और जिम्मेदार नागरिक तैयार करते हैं।
अनुशासित संचालन और निष्पक्ष मूल्यांकन बना आयोजन की पहचान
शिविर का संचालन सहायक राज्य संगठन आयुक्त श्री मनोज पटेल (इंदौर) एवं जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) एवं रोवर लीडर श्री मुकेश कुशवाह के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ।
वहीं जिला संगठन आयुक्त स्काउट छिंदवाड़ा श्री नरेंद्र शर्मा, श्री जितेंद्र मंडलोई (देवास), श्रीमती कीर्ति भदौरिया एवं श्रीमती रेखा भदौरिया (भिंड) के नेतृत्व में समस्त गतिविधियां सुव्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से संचालित की गईं। सहयोगी अधिकारियों ने जांच एवं मूल्यांकन प्रक्रिया को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इन गणमान्यजनों की रही गरिमामयी उपस्थिति
समापन समारोह में सहायक राज्य संगठन आयुक्त (स्काउट) ग्वालियर संभाग श्री शंकर सिंह, जिला सचिव श्री शेखर सिंह यादव, आयुक्त (कब) श्री राकेश कुमार शर्मा, जिला संघ वित्त समिति सदस्य एवं तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के संभागीय अध्यक्ष श्री रामनरेश डण्डोतिया, श्री अतर सिंह राजपूत, श्री सीताराम गुर्जर, श्री हरेन्द्र कुमार दीक्षित, श्री नवनीत धाकड़, श्रीमती बेटी बाई बांदिल एवं श्रीमती सारिका चतुर्वेदी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ग्राउंड कैंप फायर और वृक्षारोपण ने दिया प्रेरक संदेश
पांच दिवसीय राज्य स्तरीय शिविर का समापन ग्रैंड कैंप फायर के उत्साहपूर्ण आयोजन के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से टीम भावना, अनुशासन और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं स्काउट-गाइड सदस्यों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
राज्य स्तरीय यह आयोजन अनुशासन, सेवा, सहयोग और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के कारण प्रतिभागियों के लिए एक अविस्मरणीय एवं प्रेरणादायी अनुभव साबित हुआ।





